जलालपुर (अंबेडकरनगर)। श्रावण मास में गुरुवार को छत्रपति शिवाजी कांवड़िया मंडल के तत्वावधान में कांवड़ यात्रा अयोध्या के लिए रवाना हुई। सुबह करीब आठ बजे उसमापुर दरगाह से यात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवा वस्त्रों में सजे कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए अयोध्या की ओर प्रस्थान किया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। मंडल अध्यक्ष अंकुश ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कोषाध्यक्ष सुजीत, उपाध्यक्ष एवं व्यवस्थापक आकाश समेत पदाधिकारियों ने यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की। शिव जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु कांवड़ यात्रा से पहले नगपुर में भव्य शिव जागरण हुआ। अवधी गायक पंचम परदेशी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम स्थल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन की व्यवस्था विकास निषाद, राजेश गौड़, सुभाष गौड़, ऋषभ, अनुराग और उमेश गौड़ ने संभाली। सुरक्षा व्यवस्था में जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।