रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को एसपी अभिजीत आर. शंकर ने परेड की सलामी लेने के साथ दंगा नियंत्रण के लिए प्रशिक्षण कराया। इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ महिला आरक्षियों को दंगा की स्थिति में आंसू गैस गन, एंटी राइट गन, रबर बुलेट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड आदि शस्त्रों के संबंध में जानकारी दी और मौके पर फायर भी कराए गए। एसपी ने यूपी 112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों के हेडलाइट, हूटर, इंडिकेटर, फर्स्ट एड किट सहित सभी आवश्यक उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और उनके रखरखाव व साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का निरीक्षण कर रख-रखाव देखा और नियमित देखभाल करने को कहा। प्रशिक्षणरत आरक्षी रंगरूटों को परेड, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति प्रेरित किया। आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन किया तथा उन्हें अद्यतन व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ लाइन शुभम कुमार तथा क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु अक्षय कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।