अंबेडकरनगर में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अकबरपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में रोजगार की तलाश में सुबह से ही युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 200 से अधिक अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में भाग लिया। मेले में वर्धमान, पार्थ थ्रेड प्राइवेट लिमिटेड, उरेहा मार्केटिंग सहित छह प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों ने साक्षात्कार के उपरांत योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए। पार्थ थ्रेड प्राइवेट लिमिटेड, टांडा में तीन प्रतिभागियों का चयन हुआ, जिससे उनके चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। अकबरपुर के सलाउद्दीनपुर निवासी साक्षी यादव, जिन्होंने कृषि विज्ञान से बीएससी की पढ़ाई पूरी की है, नौकरी की तलाश में थीं लेकिन बाहर जाकर काम नहीं करना चाहती थीं। रोजगार मेले में आवेदन करने के बाद उनका चयन पार्थ थ्रेड प्राइवेट लिमिटेड में मशीन ऑपरेटर के पद पर 15 हजार रुपये के मासिक मानदेय पर हुआ। उन्होंने सरकार की इस पहल को सराहनीय बताया।इसी प्रकार, अकबरपुर के दशहया महमदपुर निवासी सरिता ने बताया कि बीएसी करने के बाद उन्हें नौकरी को लेकर चिंता सता रही थी। कौशल विकास के तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में उन्हें रोजगार मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अकबरपुर के महमदपुर डडवा निवासी रूपाली, जिनके पारिवारिक हालात बहुत अच्छे नहीं हैं, ने बताया कि पार्थ थ्रेड कंपनी में उनका चयन होने से उन्हें काफी सुकून मिला है।