अंबेडकरनगर में बाबा गोविंद साहब धाम पर लगने वाले ऐतिहासिक माघ मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वर्षों से राजकीय मेले की उम्मीद लगाए बैठे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे धाम के विकास के लिए बड़ी सौगात बताया है। बाबा गोविंद साहब धाम में माघ माह के दौरान लगने वाले मेले में अंबेडकरनगर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। मेले को राजकीय दर्जा मिलने के बाद अब आयोजन को और भव्य स्वरूप मिलने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकीय मेला बनने से धाम तक पहुंचने वाली सड़कों, पेयजल, बिजली, प्रकाश, साफ-सफाई, सुरक्षा और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को स्थायी रूप से बेहतर किया जा सकेगा। इसके साथ ही मेले के दौरान स्थानीय दुकानदारों, छोटे कारोबारियों और कारीगरों को भी बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है।