अंबेडकरनगर में गोसेवा आयोग उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने बृहस्पतिवार को अकबरपुर के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में दावा किया कि प्रदेश सरकार गोवंशों के लिए पूरी तरीके से काम कर रही है। गोवंशों का वध पूर्ण प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि गोवंशों का संरक्षण सरकार के साथ हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7,700 गोशालाएं संचालित की जा रही हैं, इसमें 16 लाख से अधिक गोवंशों को संरक्षित किया गया है। निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए 50 रुपये की दर से धनराशि दी जा रही है। सरकार की इस पहल से गोपालकों की आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि गोवंशों को गर्मी से बचाने के पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान गोसेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, सीवीओ अरविंद कुमार सिंह मौजूद रहे।