अंबेडकरनगर में तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल और सरकारी कार्यालयों में लोगों की भीड़ उमड़ी। अस्पताल के पास पहुंचते ही हालात बिगड़ गए। एकल वाहन मार्ग पर भीषण जाम लग गया। दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही ने सड़क को पूरी तरह ठप कर दिया। मरीजों को लेकर आने-जाने वाले परिजन घंटों परेशान होते रहे। सबसे गंभीर स्थिति तब बनी जब एक एंबुलेंस जाम में आधे घंटे तक फंसी रही। अंदर बैठे मरीज की बेचैनी बढ़ती रही, पर वाहन रेंग तक नहीं पाया। राहगीरों को भी पैदल निकलने में दिक्कत हुई और कई लोग साइकिल-मोटरसाइकिल तक उठाकर किनारे से निकालते नजर आए। छुट्टियों के बाद पहले ही भीड़भाड़ थी, ऊपर से जाम ने हालात और कठिन बना दिए।