अकबरपुर कोतवाली के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में शनिवार चार बच्चों की हत्या के पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा। रविवार सुबह चारों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। दोपहर करीब एक बजे चारों के शव पैतृक गांव कसड़ा पहुंचे तो चारों ओर चीत्कार गूंज उठी। गांव में आसपास के गांव की भी बड़ी संख्या में लोग बच्चों के शव को देखने पहुंचे थे। जोहर की नमाज के बाद चारों शव को सुपुर्द ए खाक किया गया। महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसने चार साल पहले मीरानपुर, मुरादाबाद में पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर मकान बनवाया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के साथ रहती थी। शनिवार को चारों बच्चों के शव घर के एक कमरे में मिले थे। सीओ सिटी नीतीश तिवारी तिवारी ने बताया कि आरोपी मां की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।