अलीगढ़ में वरिष्ठ भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान ने इस साल भी हर वर्ष की तरह अपने घर में भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की है। वह 9 दिनों तक अपने घर पर गणपति की आराधना करने के बाद दसवें दिन नरौरा में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करेंगी। पिछले तीन वर्ष से वह अपने घर में गणेश चतुर्थी के मौके पर गणेश प्रतिमा की स्थापना कर पूजा अर्चना करती रही हैं। अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र के मोहल्ला शाह जमाल मामूद नगर की रहने वालीं रूबी आसिफ खान ने कहा कि हम हिंदुस्तान में रहते हैं और हम सबका फर्ज है कि कोई भेदभाव न करें। उन्होंने कहा कि सारे त्योहार धूमधाम से मनाने चाहिए, चाहे वह ईद हो या दीपावली, गणेश चतुर्थी हो या दुर्गा पूजा। उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले कई सालों से सभी धर्मों के त्योहार मनाती आ रही हैं और आगे भी ऐसा करती रहेंगी।