मथुरा के नंदगांव में इंडेन गैस एजेंसी पर शनिवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अनियमितता, कालाबाजारी और खराब सेवा से परेशान लोगों ने एजेंसी कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलिंडर निर्धारित कीमत के बजाय करीब 2500 रुपये में दिया जा रहा है। कई लोगों ने बताया कि डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नंबर लेने के बाद भी सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो रही, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भेज दिया जाता है। इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी कार्यालय पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। जो कर्मचारी मिलते हैं, वे उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। बरसाना नगर पंचायत के सभासद राम ने बताया कि 9 मार्च को गैस के लिए नंबर लगाया था और अब तक चार बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला।भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर चौकी पर शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि कई लोग काम से छुट्टी लेकर एजेंसी और गोदाम के चक्कर काट रहे हैं, फिर भी उन्हें गैस उपलब्ध नहीं हो रही।