आगरा के एमजी रोड के हरीपर्वत चौराहे पर पिलर का निर्माण कार्य होने के चलते जाम की समस्या खड़ी हो गई है। एक तरफ का रास्ता बंद होने से दिक्कत बढ़ गई है। मेट्रो की ओर से हरीपर्वत चौराहे पर पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए एक तरफ के रास्ते पर बैरिकेडिंग गई थी। इसकी वजह से दिल्ली गेट से एमडी जैन इंटर कॉलेज की तरफ जाने वाले वाहन स्पीड कलर लैब होते हुए निकाले जा रहे हैं। ऐसे में एमडी जैन इंटर कॉलेज की तरफ से आने वाले वाहन जब दिल्ली गेट की तरफ जाते हैं, तो दिल्ली गेट की तरफ से आने वाले वाहन भी इस तरफ से निकलने लगते हैं। ऐसे में दोनों तरफ के वाहनों के आमने-सामने आने से जाम लग रहा है। पुलिसकर्मी किसी तरह वाहनों को निकाल रहे हैं। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि पिलर निर्माण कार्य को देखते हुए दिल्ली गेट की तरफ से आने वाले वाहनों को स्पीड कलर लैब की तरफ होकर निकाला जा रहा है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।