आगरा। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने माध्यमिक विद्यालयों के समय में बदलाव की मांग उठाई है। संघ ने जिलाधिकारी के नाम संयुक्त शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा ने संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ मुकेश चंद्र अग्रवाल को सौंपे ज्ञापन में कहा कि लू के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऐसे में विद्यालयों के समय में तत्काल परिवर्तन आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल में अरुण कुमार गौतम, लक्ष्मी रानी शर्मा, सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ, जसवंत सिंह जादौन, शिव ज्योति पुंडीर, जितेंद्र तिवारी, रामनरेश शर्मा समेत अन्य शामिल रहे।