इस करवा चौथ पर सौंदर्य बाजार की तस्वीर बदल गई है। त्योहार के इस सीजन में सैलून और पार्लर में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भीड़ भी तेजी से उमड़ रही है। हेयरकट, स्टाइलिश हेयरस्टाइल, फेशियल और बियर्ड ग्रूमिंग जैसी सेवाओं के लिए पुरुष बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस त्योहारी सीजन को भुनाने के लिए शहर के सैलून संचालकों ने विशेष करवा चौथ स्पेशल पैकेज पेश किए हैं, जिनमें ग्रूमिंग और स्किन केयर की कई सुविधाएं आकर्षक दामों पर मिल रही हैं। पारंपरिक रूप से जहां साज-श्रृंगार का रुख सिर्फ महिलाओं की तरफ माना जाता था, वहीं अब खुद को संवारने की इस दौड़ में पुरुष महिलाओं को भी पीछे छोड़ते नजर आ रहे हैं।