आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर संविदा सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सफाई कार्य ठप कर अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए। कर्मचारियों ने मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल को ज्ञापन सौंपा और मंगलवार से धरने पर बैठने की चेतावनी दी। सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि रेलवे अधिकारी निजी स्वार्थ के कारण संबंधित कंपनी के बिल पास नहीं कर रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने बाहर से सफाईकर्मी बुलाकर काम कराया, जिससे कर्मचारियों का आक्रोश और बढ़ गया। कर्मचारियों ने बढ़ा हुआ वेतन, बकाया वेतन और पीएफ भुगतान की मांग की। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय गाैतम ने बताया कि कंपनी और कर्मचारियों को साथ बैठाकर वार्ता की जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। प्रदर्शन में अशोक, सनी, अर्जुन, मोहन, गौतम, अजय, संगीता, माला, प्रीति, सीमा, रेखा, कट्टोरी, निर्मला और रोशनी समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।