प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को जिले में 49 केंद्रों पर आयोजित की गई। दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में कुल 45,552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शनिवार रात ही आगरा फोर्ट, कैंट स्टेशन के साथ आईएसबीटी पर हजारों अभ्यर्थी पहुंच गए। निगरानी के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा की गोपनीय सामग्री कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। परीक्षा के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस अभिरक्षा के बीच इसे केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों को पत्र जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए रेलवे और रोडवेज अधिकारियों से समन्वय किया गया है। प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थी रहेंगे। पीईटी-2026 की पहले व दूसरे चरण की परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर को आयोजित हो चुकी है।