आगरा के मलपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक के केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा करीब एक क्विंटल गांजा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्भलपुर से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई हाथरस व अलीगढ़ में की जानी थी। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।