आगरा। शतरंज की बिसात पर जिले की बेटियों ने फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। दो प्रतिभावान खिलाड़ी निहिरा मित्तल और रिद्धि शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्लासिकल फिडे रेटिंग हासिल कर मान बढ़ाया है। हाल ही में सीतापुर में आयोजित हुई फिडे रेटिंग स्टेट चैंपियनशिप में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। निहिरा मित्तल ने 1558 और रिद्धि शर्मा ने 1549 की क्लासिकल फिडे रेटिंग अर्जित की। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेटिंग प्राप्त करना किसी भी शतरंज खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। हेड कोच जितेंद्र शर्मा ने कहा कि उम्मीद है कि दोनों भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी। इस सफलता पर कोच सान्वी शर्मा और पूनम दीक्षित ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।