मध्यप्रदेश के नगरा से आगरा के कैंजराघाट के लिए चली मोटर बोट चंबल नदी में बह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटर बोट में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। सुबह 10 बजे के करीब हुए हादसे के बाद नदी के तेज बहाव के साथ बही मोटर बोट में सवार लोगों की सांसे थमीं रहीं। मध्यप्रदेश के कनेरा में सुरक्षित रोके जाने के बाद लोगों की जान में जान आई। हादसे की सूचना पर बासौनी एवं खेड़ा राठौर की पुलिस के साथ तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ कैंजराघाट घाट पर पहुंच गये, हादसे की जानकारी ली। मोटर बोट का इंजन अचानक बंद हो गया था। इससे मोटर बोट नदी में बहने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डीजल न होने से इंजन बंद हो गया था। मोटर बहने से सवारियां दहशत में आ गईं। चीखपुकार मच गई।