आगरा के एसएन मेडिकल काॅलेज में शनिवार से किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो जाएगी। सर्जरी संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) लखनऊ की टीम की देखरेख में होगा। सर्जरी के लिए एसजीपीजीआई की टीम आगरा आ चुकी है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शुरू के 25 ऑपरेशन एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम की निगरानी में किए जाएंगे। इसके लिए किडनी रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएस अंसारी समेत तीन विशेषज्ञ आगरा आ चुके हैं। ये ओटी, मरीजों की केस स्टडी करेंगे। तीन मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए चिकित्सकीय जांच और कानूनी अनुमति मिल गई है। दो मरीज और किडनी दाता भर्ती कर लिए हैं। 22 को एक मरीज का ऑपरेशन होगा, अगले मरीज को दूसरी तिथि दी जाएगी। इन दोनों मरीजों को असाध्य रोग योजना में निशुल्क ट्रांसप्लांट होगा। आयुष्मान कार्डधारकों को भी निशुल्क सुविधा मिलेगी। अन्य को दो से ढाई लाख रुपये का खर्चा आएगा। निजी अस्पताल में 10-15 लाख रुपये का खर्चा है। किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि ऑपरेशन के लिए पूरी तैयारी कर ली है। किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने पर मरीजों का अब दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।