हेपेटाइटिस बी और सी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। निजी अस्पताल में इसका इलाज महंगा है। राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एसएन मेडिकल कॉलेज में ऐसे मरीजों की जांच और इलाज निशुल्क है। इसके लिए स्पेशल हेपेटाइटिस क्लीनिक भी संचालित हो रही है। हेपेटाइटिस क्लीनिक के नोडल प्रभारी डॉ. सूर्यकमल वर्मा ने बताया कि 2021 में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस मिशन के तहत निशुल्क जांच और इलाज मिल रहा है। अभी तक करीब 80 हजार लोगों की जांच हुई है। इसमें 5,527 मरीजों में हेपेटाइटिस बी और सी की पुष्टि हुई है। इनका इलाज चल रहा है। एसएन में जांच-इलाज पूरी तरह से निशुल्क है। नोडल अधिकारी डॉ. आरती अग्रवाल ने बताया कि प्राइवेट में हेपेटाइटिस बी-सी का इलाज और जांच में काफी खर्चा होता है। इससे कई बार मरीज बीच में ही इलाज छोड़ देते हैं। एसएन की हेपेटाइटिस क्लीनिक में मरीज दिखाकर निशुल्क इलाज करा सकते हैं।