आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव के दोबारा मतदान के दौरान सोमवार को मतदाताओं के पहचान संबंधी दस्तावेजों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। एक पुरुष शिक्षक और एक महिला शिक्षिका के दस्तावेज स्पष्ट नहीं होने पर पीठासीन अधिकारी ने उन्हें वापस कर दिया। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता मतदान केंद्र पहुंचे और पुलिस से बहस हो गई। पुरुष शिक्षक के मामले में भाजपा नेता मेघराज सोलंकी की पुलिस से तीखी बहस हुई। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप पर शिक्षक को मतदान कराया गया। वहीं, पहचान संबंधी दस्तावेजों की समस्या के चलते एक शिक्षिका को तीन बार बूथ से वापस लौटना पड़ा। इसकी जानकारी पर भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर बहस हुई। एसीपी सैंया जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाया। इसके बाद दोनों ने मतदान किया।