आगरा। सिद्धपीठ प्राचीन श्री बालाजी धाम आश्रम दयालबाग में फाल्गुन मास में सात दिवसीय श्रीमद् शिव महापुराण कथा के अंतर्गत शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर अमर विहार कालोनी, नगला बघेल दयालबाग आदि क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः आश्रम पर संपन्न हुई। बैण्डबाजों की मधुर धुन पर पारंपरिक वस्त्र और सिर पर कलश धारण कर महिलाएं शिव भजनों पर नाचती झूलती हुई सम्मिलित हुई। बग्गी पर विराजमान कथा व्यास अभिषेक भैया श्रद्धालुओं को अभिवादन करते हुए चल रहे थे। कथा व्यास आज से 20 फ़रवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक बालाजी धाम आश्रम दयालबाग में प्रतिदिन शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे।