इन दिनों साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। आए दिन इससे जुड़ी खबरें सामने आती रहती हैं। दो दिन पहले आगरा में एक सरकारी स्कूल की सहायक अध्यापिका को चार घंटे तक डिजिटल अरेस्ट किया गया। इस दौरान इस कदर प्रताड़ित किया गया, उसे हार्ट अटैक आया और उसकी जान चली गई। इसको लेकर एसीपी सदर सुकन्या शर्मा ने एक वीडियो जारी करके लोगों को डिजिटल अरेस्ट के बारे में सावधानियां बताई हैं। उन्होंने इस तरह साइबर ठगों के झांसे में लोग न फंसे इसके लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट के झांसे में ना आएं। साइबर अपराधी खुद को पुलिस ऑफिसर बताकर पैसे मांगते हैं। ऐसे प्रकरण में तत्काल 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। www.cybercrime.gov.in पर भी साइबर संबंधित अपराधों की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।