उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (यूपी टी20) के चौथे संस्करण के लिए शुक्रवार को आगरा में हुए ऑक्शन के बाद शहर के खिलाड़ियों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और आगरा क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। आगरा के 10 खिलाड़ियों के ऑक्शन सूची में शामिल होने के बावजूद केवल दो खिलाड़ियों के खरीदे जाने के बाद कुछ खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। इस पर यूपीसीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंकित चटर्जी और डीसीए आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन ने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों की खरीद-फरोख्त में एसोसिएशन की कोई भूमिका नहीं होती। यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने कहा कि ऑक्शन पूरी तरह फ्रेंचाइजी आधारित प्रक्रिया है। प्रत्येक टीम अपने संयोजन, रणनीति और जरूरतों के अनुसार खिलाड़ियों का चयन करती है।