आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के श्याम नगर में चोरों ने एक एंबुलेंस चालक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया हुआ था। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। श्याम नगर निवासी विनोद ने बताया कि वह 100 फीट मार्ग स्थित ओम वाटिका में अपने भतीजे के विवाह समारोह में परिवार सहित गए थे। इसी दौरान मौका पाकर चोर छत से सीढ़ियों के रास्ते घर में घुस गया। अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर घर से करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। रात में जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी से नकदी और आभूषण गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।