आगरा। फिक्स्ड डिपॉजिट से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 5.50 लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए। आवास विकास कॉलोनी निवासी अजीत कुमार श्रीवास्तव ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित अजीत ने पुलिस को बताया कि नौ फरवरी की शाम उनकी जानकारी के बिना इंडसइंड बैंक से छह लाख रुपये के फिक्स डिपॉजिट तोड़े गए। इसके बाद 5.50 लाख रुपये बैंक खाते से आईएमपीएस के जरिये निकाल लिए गए। अजीत का कहना है कि उन्होंने न कोई ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा की और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। उन्होंने किसी भी ट्रांजेक्शन को अधिकृत नहीं किया था। बैंक में पत्नी को भेजकर खाता चेक कराया तो रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। उन्होंने बैंक को सूचना देने के साथ साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत की।