आगरा। स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय कृमि दिवस पर 13.90 लाख बच्चों, किशोरों और युवाओं को पेट से कीड़े निकालने के लिए एल्बेंडाजोल दवा खिलाई। बाकी 7.70 लाख को 14 अगस्त को दवा खिलाई जाएगी। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में एक से 19 साल तक के 20.60 लाख बच्चे, किशोर व युवा हैं। आठ हजार स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल टैबलेट खिलाई गई। दवा खाने से पेट के कीड़े बाहर निकल आते हैं। इससे कुपोषण की परेशानी दूर होती है। नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने छूटे हुए बच्चों, किशोरों व युवाओं से दवा खाने की अपील की।