आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने यमुना नदी पर बन रहे पुल का निर्माण तेज कर दिया है। एक मशीन और बढ़ा दी है। दिसंबर तक यह ट्रैक बनकर तैयार होगा। यमुना के पानी को एक ओर से निकासी के लिए रेत हटाकर रास्ता भी बना दिया है। यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बन रहा है। इसमें यमुना नदी पर पुल बनाया जा रहा है। पिलर बनाने के लिए एक और मशीन बढ़ा दी है। अब तीन मशीनें कार्य कर रही हैं। दोनों ओर से पिलर बनाए जा रहे हैं। पिलर बनाने के कार्य को आसान करने के लिए यमुना के पानी को एक ओर से निकाला जा रहा है। इसके लिए रेत हटाकर रास्ता बनाया है, इससे पिलर बनाने का कार्य आसानी से हो रहा है। दिसंबर तक पुल तैयार होने के बाद दूसरे कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही भगवान टॉकीज से वाटर वर्क्स तक पिलर तेजी से बनाए जा रहे हैं। वाटर वर्क्स तक 5 से 7 पिलर बनाए जाने बाकी हैं। इनके लिए भी बैरिकेडिंग कर दी है।