चैम्पियंस ट्राफी में भारत की जीत का समर्थन करने वाले आगरा के एक फैन के पास धमकी भरा कॉल आया है। इंटरनेट कॉल करने वाले युवक ने खुद को पाकिस्तानी बताते हुए भारतीय फैन को भारत की टीम का समर्थन करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस पर आगरा में रहने वाले इस युवक ने मामले की तहरीर थाने में दी। पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई हैं। बता दें कि आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में प्रताप नगर चौराहे पर आज़ाद दिवाकर कपड़े पर इस्तरी का काम करते है। उन्होंने चैम्पियंस ट्रॉफी से 10 दिन पहले अपनी दुकान के सामने बैनर लगाया। इसमें आजाद ने भारत के ट्रॉफी जीतने पर पांच दिन लोगों के कपड़ों को फ्री में प्रेस करने का एलान कर रखा है।