दतिया। फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडनेकर बुधवार सुबह दतिया पहुंचीं। उन्होंने मां पीतांबरा के दरबार में पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने श्री वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भूमि पेडनेकर के दतिया पहुंचने की जानकारी मिलते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। हालांकि, अभिनेत्री ने मीडिया और प्रशंसकों से दूरी बनाए रखी। भूमि इन दिनों ग्वालियर-मुरैना में चल रही एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आई हुई हैं। इसी दौरान वह मां पीतांबरा के दर्शन के लिए दतिया पहुंचीं। ‘दम लगा के हईशा’ से मिली पहचान भूमि पेडनेकर ने वर्ष 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘दम लगा के हईशा’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में उन्होंने संध्या वर्मा का किरदार निभाया था। इस भूमिका में उन्होंने एक संकोची और अधिक वजन वाली युवती का किरदार निभाकर खूब प्रशंसा बटोरी। फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद भूमि ने ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘बाला’, ‘बधाई दो’ समेत कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों में उनके अभिनय को खास तौर पर सराहा गया।