केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल के NGO के लिए DDA ने कथित रूप से नियमों में बदलाव कर के जमीन का आवंटन किया है। बता दें कि अपने NGO के लिए विजय गोयल एक टॉय बैंक बनवाना चाहते हैं और लंबे वक्त से DDA से इसके लिए जमीन की मांग कर रहे हैं। आखिरकार DDA ने नियमों में बदलाव कर के ये जमीन उन्हें दे दी। एक अंग्रेजी अखबार के इस खुलासे के बाद गुरुवार को पूरे दिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं गर्म रहीं। दिल्ली बीजेपी में गोयल का विरोधी खेमा भी इसे लेकर दिन भर सक्रिय दिखा। हालांकि, विजय गोयल ने इस पूरे मामले को अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश बताया है और कहा है कि इस एनजीओ से बतौर खेल मंत्री उनका कोई लेना देना नहीं है।