हिमाचल विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद(ईसी) की बैठक के बीच शनिवार को विवि परिसर में खूब बवाल हुआ। बैठक शुरू होने से पहले एचपीयू के कर्मचारी, संगठन, एसएफआई व एनएसयूआई ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और स्थानीय विधायक हरीश जनारथा को ज्ञापन भी साैंपा। वहीं बैठक के बीच परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने वीसी के पुतले की शव यात्रा निकाली। इसी दाैरान पुतला जलाने से रोकने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में जमकर धक्का-मुक्की हुई। इससे माहाैल तनावपूर्ण हो गया। माैके पर मौजूद क्यूआरटी और पुलिस के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को पुतला जलाने से रोका। इस दाैरान जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता ने गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। तनावपूर्ण माहाैल के बीच पुलिस के रोकने की कोशिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने वीसी के फोटो जला दिए।