हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इस वीकेंड पर सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं बर्फबारी की आस में भी बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। रिज मैदान सहित माल रोड पर सैलानियों की खूब भीड़ है। उधर, विंटर कार्निवल को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। टाउन हॉल, गेयटी थियेटर और क्राइस्ट चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। शनिवार को बादल छाए रहने की वजह से ठंडी हवाएं चलती रहीं। ऐसे में सैलानियों को बर्फबारी की उम्मीद भी है। बाजारों में खरीदारी करने के लिए भी खूब भीड़ रही। इन दिनों दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, अंबाला सहित विदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं।