गेयटी थियेटर के गौथिक हॉल में गुरुवार को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से जश्न-ए-अदब साहित्योत्सव का आयोजन किया। पहले दिन इसमें कोर्ट मार्शल नाटक का मंचन किया गया, जिसमें फौजियों के कानूनों के बारे में बताया गया। यह नाटक एक नए रंगरूट राम चंद्र की कहानी है, जिस पर अपने एक अफसर की हत्या करने और दूसरे को घायल करने का मुकदमा चल रहा है। नाटक का निर्देशन अरविंद गौड़ और लेखन स्वदेश दीपक ने किया है। दो दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक उत्सव में शास्त्रीय संगीत, नृत्य, नाटक, कविता, विचार-विमर्श, सूफियाना रंग, वेस्टर्न पॉप एवं इंडी म्यूजिक और हिंदुस्तानी हास्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।