हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति (एचजीवीएस) की ओर से हिमालयी संकट पर रणनीतिक बैठक आज शिमला के वाईडब्ल्यूसीए, द मॉल में हो रही है। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई और इस समय विशेषज्ञों, समाजसेवियों व चिंतित नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जारी है। बैठक में साफ कहा गया है कि अब केवल चर्चा से आगे बढ़कर ठोस कार्रवाई की दिशा में कदम उठाने होंगे। प्रतिभागी एक स्वर में मानते हैं कि हिमालयी संकट पर सरकार और नीति-निर्माण संस्थाओं तक मजबूत संदेश पहुंचाना जरूरी है। इस उद्देश्य से सड़कें, वन, जल एवं निकासी तंत्र, कानून-विनियम और सामाजिक प्रतिक्रिया जैसे मुद्दों पर अलग-अलग सेक्टोरल समूह बनाए जा रहे हैं। इन समूहों का कार्य संबंधित क्षेत्रों में रणनीति तैयार करना और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना होगा। बैठक में यह भी तय किया जा रहा है कि विशेषज्ञों और आम नागरिकों को जोड़कर एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाए, ताकि हिमालय को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास हो सके। आयोजकों ने आह्वान किया है कि चर्चा को दिशा दें और चिंता को सामूहिक कार्रवाई में बदलें।