पहाड़ों की रानी शिमला सोमवार को धुंध की चादर में लिपटी नजर आई। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सुबह के समय धुंध छाने से मौसम सुहाना हो गया। धुंध के बीच शिमला की खूबसूरती और भी निखर गई, जिसका पर्यटकों ने जमकर आनंद उठाया। बाहरी राज्यों से शिमला पहुंचे सैलानी रिज मैदान पर धुंध के खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। कई पर्यटकों ने धुंध के बीच तस्वीरें खींचकर इस मौसम को यादगार बनाया। शिमला में इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद राजधानी में तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। धुंध और ठंडी हवाओं के बीच रिज मैदान पर घूमने पहुंचे पर्यटक मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।