राजधानी शिमला बुधवार को घने कोहरे और लगातार हो रही बारिश की चपेट में रही। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पूरा शहर धुंध की आगोश में नजर आया। खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ और कई क्षेत्रों में नुकसान की भी सूचना मिली है। बारिश के बीच टूटीकंडी क्षेत्र में नगर निगम के कर्मचारी आवासों पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से एक आवास की छत क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जबकि कई स्थानों पर जलभराव और छोटे-मोटे नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। खराब दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।