राजधानी शिमला में हुई बारिश के बाद मौसम बेहद सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी मौसम का आनंद लेते नजर आए। सार्वजनिक अवकाश होने के कारण वीकेंड समाप्त होने के बाद भी शहर में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ बनी रही। सोमवार को माल रोड, रिज मैदान, जाखू और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक देखने को मिली। हजारों सैलानी परिवार और दोस्तों के साथ राजधानी पहुंचे और ठंडे मौसम के बीच शिमला की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। होटल, रेस्तरां और स्थानीय बाजारों में भी पर्यटकों की मौजूदगी से अच्छी चहल-पहल रही। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि सार्वजनिक अवकाश के कारण पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी हुई है, जिससे होटल, टैक्सी और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिल रहा है। मौसम सुहावना रहने से आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।