राजधानी शिमला में सतलुज पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण चल रहे संकट के बीच महापौर सुरेंद्र चौहान ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। करीब दो सप्ताह से बंद पड़ी योजना की सप्लाई को बहाल करने के लिए ट्रांसफार्मर की खराबी को दूर करने का दावा किया गया है। ऐसे में अगले सप्ताह से शहर में पानी की किल्लत खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। सतलुज पेयजल योजना के दूसरे पंपिंग स्टेशन पर ट्रांसफार्मर बंद होने के कारण पिछले करीब दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति प्रभावित थी। इससे शिमला शहर में पेयजल संकट गहरा गया था और लोगों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए चल रहे काम को देखने महापौर सुरेंद्र चौहान शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों से योजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। मौके पर ट्रांसफार्मर के ठीक होने का दावा किया गया है। इसके बाद सतलुज पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। दावा है कि अगले सप्ताह से शहर में पानी की किल्लत काफी हद तक खत्म हो जाएगी। सतलुज पेयजल योजना शिमला शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए अहम है। ऐसे में इसकी आपूर्ति लंबे समय तक बंद रहने से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया था। अब योजना की सप्लाई बहाल होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।