शिमला जिले की पराला फल मंडी में सेब सीजन अब गति पकड़ने लगा है। मंडी में रोजाना सेब की आवक बढ़ रही है और शुरुआती फसल को बेहतर दाम मिलने से बागवानों में उत्साह का माहौल है। सोमवार को मंडी में टाइडमेन किस्म का सेब पहुंचा, जिसे अधिकतम 2311 रुपये प्रति बॉक्स का भाव मिला। सीजन की शुरुआत में मिले अच्छे दामों से बागवानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। आढ़तियों का कहना है कि अच्छी गुणवत्ता वाले और पूरी तरह तैयार सेब की बाजार में बेहतर मांग बनी हुई है। उन्होंने बागवानों से अपील की है कि अधपका या पूरी तरह तैयार न हुआ फल मंडी में न लाएं, क्योंकि गुणवत्तापूर्ण फसल को ही अच्छे दाम मिल रहे हैं। फल कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में सेब की आवक और बढ़ेगी। यदि मौसम अनुकूल रहा और फलों की गुणवत्ता अच्छी बनी रही तो इस सीजन में भी बागवानों को बेहतर कीमत मिलने की संभावना है।