हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के विचारों और दूरदृष्टि को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार पुस्तक 'Nurturing the Idea of Himachal Pradesh' का मंगलवार को राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के गौथिक हॉल में विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सचिव (शिक्षा, भाषा, कला एवं संस्कृति तथा सूचना एवं जनसंपर्क) राकेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह पुस्तक लक्ष्मण एस. ठाकुर द्वारा संपादित की गई है। इसमें डॉ. वाईएस परमार के लेखों, भाषणों और विचारों का संकलन किया गया है, जो हिमाचल प्रदेश की वैचारिक, सामाजिक और राजनीतिक यात्रा को समझने का महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय और प्राइमस बुक्स, नई दिल्ली के संयुक्त सहयोग से किया गया। पुस्तक विमोचन के बाद 'हिमाचल प्रदेश की अवधारणा और विकास' विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के विकास, शासन व्यवस्था और डॉ. परमार की वैचारिक विरासत पर विस्तार से विचार साझा किए गए। पैनल चर्चा में पूर्व उपमहापौर टिकेंद्र पंवार, हिमाचल सरकार के सचिव (सहकारिता) एवं आईएएस अधिकारी सुदेश मोक्टा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. रमेश चौहान, इतिहास विभाग एवं भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (IIAS) के पूर्व निदेशक प्रो. चेतन सिंह ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समन्वय राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. वाईएस परमार के विचार आज भी हिमाचल के विकास, शिक्षा, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका विजन केवल प्रदेश के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने एक आत्मनिर्भर, संतुलित और समावेशी हिमाचल की कल्पना की थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी और बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।