ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के टेवरन हॉल में रविवार से राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। ड्रीम आर्ट वर्ल्ड की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 15 कलाकार अपनी रचनात्मक कृतियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनी में चित्रकला, फोटोग्राफी, मूर्तिकला और डिजिटल आर्ट जैसी विविध विधाओं की कलाकृतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कलाकारों को मिला साझा मंच ड्रीम आर्ट वर्ल्ड गैलरी के संस्थापक डॉ. स्वप्निल आचार्य ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य देशभर के वरिष्ठ और प्रतिभाशाली कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी कला का प्रदर्शन व्यापक स्तर पर कर सकें और कला प्रेमियों को विभिन्न विधाओं से परिचित कराया जा सके। कला प्रेमियों को मिलेगा विविध कलाओं का अनुभव प्रदर्शनी में पारंपरिक चित्रकला के साथ आधुनिक डिजिटल आर्ट, फोटोग्राफी और मूर्तिकला की उत्कृष्ट कृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन कलाकारों और कला प्रेमियों के बीच संवाद का माध्यम बनेगा तथा नई प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।