स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने हिमाचल प्रदेश के ग्राहकों के लिए कई नई सुविधाओं और विशेष योजनाओं की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार नए ग्राहकों को सिर्फ एक रुपये में 24 दिनों की 4जी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा घर के लिए 1,111 रुपये प्रतिमाह से फाइबर इंटरनेट योजना भी शुरू की गई है। बीएसएनएल हिमाचल प्रदेश परिमंडल के प्रधान महाप्रबंधक राजन कंबोज ने कहा कि कंपनी प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने पर काम कर रही है। बीएसएनएल की नई योजना के तहत नए ग्राहक केवल एक रुपये में 24 दिनों तक मोबाइल सेवा का लाभ ले सकेंगे। इसमें हर दिन एक जीबी इंटरनेट डेटा, 100 एसएमएस और असीमित वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। कंपनी के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में डीबीएन फंड से स्थापित 4जी साइटों पर भी इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा। इससे दूरदराज के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट और कॉलिंग सुविधा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बीएसएनएल ने घरों के लिए फाइबर फ्रीडम योजना भी पेश की है। इसकी शुरुआती कीमत 1,111 रुपये प्रतिमाह है। योजना के तहत ग्राहकों को 200 एमबीपीएस तक इंटरनेट की गति और हर महीने 5,000 जीबी डेटा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही 25 से अधिक प्रीमियम ओटीटी मंचों पर मनोरंजन सामग्री देखने की सुविधा भी मिलेगी। यानी एक ही योजना में तेज इंटरनेट के साथ मनोरंजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। बीएसएनएल मोबाइल ग्राहकों के लिए मनोरंजन टीवी की सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है। इसे बीएसएनएल सेल्फकेयर ऐप के माध्यम से बिना अतिरिक्त शुल्क के इस्तेमाल किया जा सकता है। इस सुविधा के जरिये ग्राहक लाइव टीवी चैनलों के साथ अपनी पसंद की मनोरंजन सामग्री भी देख सकेंगे। बीएसएनएल ने प्रदेश के दुर्गम इलाकों में संचार व्यवस्था मजबूत करने के लिए सैटेलाइट फोन सेवा को भी प्रमुखता दी है। ऐसे क्षेत्रों में जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क पहुंचना मुश्किल होता है, वहां सैटेलाइट आधारित संचार सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है। कंपनी का कहना है कि इन पहलों से हिमाचल में डिजिटल संपर्क को मजबूत करने के साथ डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।