राजधानी के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर में मां दुर्गा की भव्य मूर्ति बनकर तैयार हो गई। कोलकाता के गंगा तट से लाई गई मिट्टी से मां दुर्गा के रूप को निखारा गया है। वहीं कोलकाता से लाए सोलर साज से मां दुर्गा का श्रृंगार किया जा रहा है। सोमवार को मूर्तियां बनकर तैयार हो गई हैं। छठे नवरात्र पर मंगलवार को कालीबाड़ी हॉल में मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती समेत भगवान गणेश और कार्तिके की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। कालीबाड़ी मंदिर में शारदीय नवरात्र पर 20 सालों से दुर्गा मूर्तियां बनाने के लिए कोलकाता से कलाकार आ रहे हैं। मुख्य कलाकार कमल ने बताया कि कोलकाता के गंगा तट की मिट्टी से ही मां दुर्गा की मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जाता है।