शिमला के बाजारों की सड़कों पर दुकानें सजाए बैठे दस दुकानदारों और छह तहबाजारियों का सामान रविवार को नगर निगम टीम ने जब्त कर लिया। सामान जब्त करने को लेकर दुकानदारों ने विरोध जताया। कई जगह कारोबारियों के साथ निगम टीम की बहसबाजी भी हो गई। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे नगर निगम की संपदा शाखा की टीम लोअर बाजार में औचक निरीक्षण पर पहुंची। संडे मार्केट के चलते ज्यादातर दुकानदारों ने दुकान के बाहर सड़क पर ही सामान सजा रखा था। कई दुकानें बंद थीं लेकिन इनके बाहर तहबाजारी सामान सजाए बैठे थे। निगम टीम ने इनका सामान जब्त करना शुरू किया। कई तहबाजारी अपना सामान समेटकर बाजार से गायब भी हो गए। वहीं, दुकानदारों का सामान जब्त करते हुए निगम टीम की बहसबाजी भी हुई। दुकानदारों ने कहा कि बाजार में अतिक्रमण उनकी दुकानों के कारण नहीं बल्कि तहबाजारियों के कारण हो रहा है। पहले इन्हें हटाया जाए। इस पर निगम टीम ने कहा कि दुकानदारों को भी कई बार अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई है। बावजूद इसके सड़क पर सामान सजाया जा रहा है। इस बार राहत नहीं मिलेगी। निगम टीम ने लोअर बाजार से आठ दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। मालरोड पर भी दो दुकानदारों का सामान जब्त किया गया है। नगर निगम टीम ने लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी क्षेत्र का भी औचक निरीक्षण किया। यहां से भी कई तहबाजारी हटाए गए हैं। निगम टीम ने कुल छह तहबाजारियों का सामान जब्त किया है। संपदा शाखा के निरीक्षण रमेश ठाकुर, वीरेंद्र कुमार और मनीष गुलेरिया ने दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने और ओवरहैंगिंग हटाने को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए हैं। अतिक्रमण करने पर जब्त किया गया सामान अब सोमवार को जुर्माना चुकाने के बाद वापस किया जाएगा।