फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur News: कुलगुरु के बयान पर मचा बवाल, एबीवीपी ने टायर जलाकर की नारेबाजी, मौके पर पहुंचा पुलिस बल

Mon, 15 Sep 2025 02:59 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. सुनीता मिश्रा द्वारा मुगल शासक औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताने वाले बयान पर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र प्रशासनिक भवन के बाहर जमा हो गए और कुलगुरु के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए छात्रों ने गेट पर टायर जलाए और विश्वविद्यालय प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।

दरअसल इस विवाद की शुरुआत 12 सितंबर को गुरुनानक कॉलेज स्थित बप्पा रावल सभागार में आयोजित एक सेमिनार से हुई, जिसमें “भारतीय ज्ञान प्रणाली: विकसित भारत 2047 के लिए रोडमैप” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए कुलगुरु मिश्रा ने कहा था कि “हिस्टोरिकल पर्सपेक्टिव से हम कई राजा-महाराजाओं के बारे में सुनते हैं, जिनमें महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और अकबर शामिल हैं। हम कई अच्छे राजाओं को याद रखते हैं और कुछ औरंगजेब जैसे भी थे, जो एक कुशल प्रशासक था।”

ये भी पढ़ें: Rajasthan Constable Exam: राजस्थान कांस्टेबल परीक्षा में 13 डमी पकड़े गए, जयपुर में चाचा-भतीजा गिरफ्तार

यही बयान अब विवाद का कारण बन गया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि महाराणा प्रताप की धरती पर औरंगजेब जैसे शासक को “कुशल प्रशासक” बताना न केवल अपमानजनक है, बल्कि इतिहास के साथ खिलवाड़ भी है। छात्रों ने मांग की कि कुलगुरु अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और स्पष्ट करें कि उनकी मंशा क्या थी।

प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर कुलगुरु ने माफी नहीं मांगी तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। दूसरी ओर विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति पर टिप्पणी करने से परहेज किया और मामले को शांत कराने की कोशिशों में जुटा रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें