राजस्थान के बाड़मेर में बुधवार को थार महोत्सव 2025 में, दो विजेताओं ने थार सुंदरी और थार श्री के प्रतिष्ठित खिताब जीते। अपनी भव्य मूंछों और दाढ़ी के साथ, धर्मेंद्र सिंह डाबी ने थार श्री का खिताब जीता। उन्होंने पारंपरिक राजस्थानी पोशाक पहनी थी - जिसमें एक रंगीन पगड़ी भी शामिल थी। उनके मर्दाना लुक काफी आकर्षक लग रहा था। अपने स्त्री सौंदर्य, चुलबुलेपन और पारंपरिक परिधान के साथ, नक्षत्री चौधरी ने थार सुंदरी का खिताब जीता। जीत की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। थार श्री विजेता धर्मेंद्र ने कहा, विनर वैसे मैं बाड़मेर का प्रॉपर यहीं पर रहता हूं और पिछले डेढ़ साल से मैं इसकी तैयारी कर रहा हूं। आज सुबह जब मैं घर से तैयार होकर निकला था तो मुझे ये उम्मीद नहीं थी कि मैं आज विनर बनूंगा। मैं फर्स्ट बार ही आया हूं यहां। तैयारी पिछले डेढ़ साल से ग्रोथ मूंछों की तैयारी कर ही रहा हूं और बाकी ये गहने वगैरह हैं, आभूषण हैं, ज्वेलरी है जो राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा की वो धीरे-धीरे.. कर के भगवान की दया से, भगवान के आशीर्वाद से मैंने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दाढ़ी और मूंछों को लेकर बोले- जी इसका मैंने कुछ ट्रीटमेंट नहीं किया हैं भगवान की दया से, गॉड फिफ्ट है मेरी। थार सुंदरी विजेता नक्षत्री चौधरी बोलीं, जी मुझे बहुत खुशी हो रही है। मुझे इस खिताब के लिए चुना गया है। जजों ने मुझे इतना काबिल समझा और खुशी तो बहुत हो रही है।
एक प्रतियोगिता से कहीं ज़्यादा यह आयोजन राजस्थान की स्वदेशी संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने का एक मंच है। राजघरानों की संस्कृति देखने के लिए दुनिया भर से लोग यहां पहुंचते हैं। लोक कला, नृत्य प्रदर्शन और संगीत के अलावा, दो दिवसीय थार महोत्सव 2025 में रस्साकशी और पगड़ी बांधने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। परिवार के सदस्यों के बीच दौड़ सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस महोत्सव का आयोजन राज्य के पर्यटन विभाग और बाड़मेर जिला प्रशासन की ओर से किया जाता है।