सिरोही में कृष्णावती नदी में बजरी खनन को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज लोग सड़क पर उतर गए तथा बजरी से भरे ट्रकों एवं ट्रैक्टरों को खाली करवा दिया। इसके बाद इस मामले में खनन विभाग के साथ जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार बताने के बाद भी कोई कारवाई नहीं किए जाने पर खुलकर रोष जताया गया। इस दौरान रविवार को जावाल समेत विभिन्न क्षेत्र के गांवों में बंद की अपील की गई।
कृष्णावती नदी में विभिन्न स्थानों पर बीते लंबे से बजरी का दिन रात खनन चल रहा है। इस मामले में खनन विभाग एवं स्थानीय जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार बताने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके साथ ही जिला कलेक्टर को भी बताया गया था। इससे नदी में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। हमेशा हादसों का अंदेशा बना रहता है। कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। नाराज लोग नदी पर पहुंचे तथा वहां बजरी भर रहे ट्रैक्टरों एवं ट्रकों को खाली करवाया। इसके बाद वे नारेबाजी कर रोष जताने लगे। सूचना मिलने पर डीवाईएसपी मुकेश चौधरी के साथ बरलूट थाना पुलिस के साथ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
खनन विभाग के जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ सहायक सुरेश कुमार, सिरोही तहसीलदार देसलाराम ने यहां आकर ग्रामीणों की समझाइश की। ग्रामीण प्रशासन के रवैए पर रोष जताते हुए कृष्णावती नदी से हो रहे बजरी खनन से रोक लगाने की मांग की। इस दौरान उनका कहना था कि जब तक उनकी मांग नही मानी जाती तब तक वे नदी में खनन नहीं होने देंगे तथा खुद खनन को रोकेंगे। उसके बाद माइक से जावाल सहित विभिन्न गांवों में रविवार को बंद रखने का आग्रह किया गया।