फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirohi : पंचतत्व में विलीन हुआ राजयोगी बीके निर्वैरभाई का पार्थिव शरीर, राष्ट्रपति और पीएम ने भेजा शोक संदेश

Sun, 22 Sep 2024 07:00 PM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

ब्रह्माकुमारी संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके निर्वैरभाई का पार्थिव शरीर रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। दोपहर 12 बजे संस्थान के गार्ड के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें मुखाग्नि दी गई। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया सहित देश-विदेश से अनेक गणमान्य लोगों ने शोक जताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

इससे पूर्व सवेरे 8 बजे से उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। कॉन्फ्रेंस हॉल के बाहर अंतिम यात्रा के पूर्व शांतिवन के गार्ड ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर संस्थान की देश-विदेश से पहुंचे सभी वरिष्ठ बहनें और भाई मौजूद रहे। मुक्तिधाम में विधि-विधान से संस्थान की मुख्य प्रशासिका 100 वर्षीय राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी ने मुखाग्नि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। 

गौरतलब है कि ब्रह्माकुमारी संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके निर्वैर का 19 सितंबर को अहमदाबाद के अपोलो हॉस्पिटल में देवलोक गमन हो गया था। इसके बाद 20 सितंबर उनके पार्थिव शरीर को मुख्यालय शांतिवन लाया गया, जहां कॉन्फ्रेंस हाल में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। 21 सितंबर को माउंट स्थित सभी परिसरों में उनकी बैकुंठी यात्रा निकाली गई।

सुरक्षा गार्डों ने सम्मान में सलामी देकर विदाई दी

अंतिम यात्रा के पूर्व सुबह 10 बजे कॉन्फ्रेंस हाल के पोर्च में बीके निर्वैर भाई के पार्थिव शरीर को रखा गया जहां शांतिवन परिसर के सभी गार्डों ने कर्नल बीके सती भाई के नेतृत्व में सलामी देकर विदाई दी। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई, जो उनके निवास महादानी कॉटेज पहुंची जहां उनके परिजन, भाई, भतीजे ने श्रद्धांजलि अर्पित की। दादी कॉलेज में संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी और ट्रामा सेंटर पर पूरे स्टाफ, भाजपा गिरवर मंडल ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली अर्पित की। दोपहर 12 बजे आबू रोड मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। 

राष्ट्रपति का शोक संदेश

राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मु ने बीके निर्वैर भाई की मृत्यु पर गहरा शोक जताते हुए अपने संदेश में लिखा है कि राजयोगी बीके निर्वैर का जीवन मानव जाति के कल्याण के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वैर भाई के लिए अपने शोक संदेश में उल्लिखित किया कि बीके निर्वैर भाई युवावस्था में ब्रह्माकुमारीज में आए और अपना पूरा जीवन उन्होंने मानव सेवा में लगा दिया। उनका समाज सेवा में अविस्मरणीय योगदान है।

टैक्सी यूनियन ने बंद रखा संचालन

बीके निर्वैर भाई के सम्मान में रविवार को टैक्सी यूनियन ने श्रद्धांजलि स्वरूप आधे दिन तक अपनी सभी टैक्सियों का संचालन बंद रखा। वहीं तलहटी व शांतिवन के आसपास के लोगों ने अपनी दुकानों को भी आधे दिन के लिए बंद रखा। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें