फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirohi News: जिला खेल अधिकारी ने यूआईटी सचिव से की मुलाकात, आबूरोड में प्रस्तावित खेल मैदान को लेकर की चर्चा

Thu, 06 Mar 2025 08:00 AM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

सिरोही जिला खेल अधिकारी अमित शर्मा और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी ने बुधवार को यूआईटी आबूरोड में उपखंड अधिकारी एवं यूआईटी सचिव डॉ. अंशु प्रिया से आबूरोड खेल मैदान को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि खेल मैदान के लिए आवंटित भूमि कम है, इसके लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है।

मुलाकात के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी ने उपखंड अधिकारी एवं यूआईटी सचिव को बताया कि राज्य व केंद्र सरकार खेलों के विकास और उनकी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को बढ़ावा दे रही है। बजट घोषणा वर्ष 2025 में आबूरोड में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडविया की अनुशंसा पर 10 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसी क्रम में सांतपुर आईटीआई रोड पर खसरा नंबर 312/1 में खेल मैदान के लिए 7 बीघा भूमि आवंटित की गई है, जो खेल मैदान के लिए पर्याप्त नहीं है। खेल मैदान के लिए कम से कम 9 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जहां 400 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक के साथ-साथ अन्य खेलों के मैदान, कार्यालय भवन व दर्शक दीर्घा आदि का निर्माण हो सके।

जिला खेल अधिकारी अमित शर्मा ने उपखंड अधिकारी को बताया कि आबूरोड शहर के आसपास उन्होंने कई भूमि का निरीक्षण किया, लेकिन कई स्थान समतल नहीं हैं, तो कुछ भूमि का क्षेत्रफल छोटा है। सांतपुर आईटीआई रोड पर 2 आदिवासी छात्रावास पहले से बने हुए हैं और खसरा नंबर 312/2 व 313/2 की सरकारी भूमि को खेल मैदान से जोड़कर आधुनिक स्टेडियम तैयार किया जा सकता है। स्टेडियम निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की खेल प्रतिभा निखरेगी, जिससे वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

इस दौरान उपखंड अधिकारी अंशु प्रिया ने जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई करने और शीघ्र ही आबूरोड में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का कार्य शुरू करवाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर तहसीलदार मंगलाराम मीणा, अभिषेक पुरोहित, नीलम, कालूराम देवासी, सहायक खेल अधिकारी जितेंद्र सिंह चौहान, क्रीड़ा भारती राजेंद्र सिंह देवड़ा, रघुवीर चौधरी, सॉफ्टबॉल सचिव दीपेश अग्रवाल एवं मुकुल भटनागर (पूर्व सॉफ्टबॉल प्रदेश प्रतिनिधि) आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें