अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की केन्द्रीय योजना एवं राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जनजाति विकास विभाग द्वारा संचालित काॅलेज स्तरीय बालिका छात्रावास आबूरोड में रानी दुर्गावती का जन्मदिन समारोहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान एडवोकेट एवं समाजसेवी दुर्गश शर्मा मुख्य अतिथि एवं प्रदेश शिक्षा आयाम प्रमुख, वनवासी कल्याण परिषद उदयपुर जगदीश रावल विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रांत शिक्षा प्रमुख जगदीश रावल द्वारा संगठनात्मक जानकारी, रानी दुर्गावती का प्रेरणादायी संक्षिप्त जीवन परिचय और रानी के अदम्य साहस, कुशल यौद्धा ,कुशल शासन और कुशल नेतृत्व के उनके प्रेरक प्रसंग सुनाकर अतीत के गौरव और वर्तमान आदर्श की जानकारी कराई। इसी कड़ी में जनजाति के स्वतंत्रता सेनानी राणा पुंजा की जयंती भी होने से राणा के व्यक्तित्व, साहसी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण भाव की जानकारी कराई गई।
मुख्य अतिथि दुर्गेश शर्मा ने बताया कि रानी दुर्गावती वीरता की प्रतिमूर्ति, मुगलों को युद्धों में परास्त करने वाली, मातृ शक्ति की आन, बान और शान थी। रानी दुर्गावती अंतिम सांस तक लड़ते लड़ते आत्मोत्सर्ग कर पूरे भारत देश का गौरव और प्रेरणा का स्रोत बन गई। रानी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। छात्रावास अधीक्षिका बादली गरासिया और संगठन मंत्री नवलराम ने बालिकाओं से संवाद, कैरियर, जागरूकता, महिला सशक्तिकरण आदि विषयक चर्चा कर संबलन प्रदान किया। संगठन मंत्री लालाराम द्वारा आभार प्रदर्शित किया। छात्रावास अधीक्षिका बादली गरासिया द्वारा अतिथियों का परंपरानुसार अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में दुर्गेश शर्मा एडवोकेट, जगदीश रावल प्रांत शिक्षा प्रमुख, बादली गरासिया छात्रावास अधीक्षिका, विभाग संगठन मंत्री नवलराम, तहसील संगठन मंत्री लालाराम गरासिया और काॅलेज छात्रावास की 65 बालिकाएं उपस्थित रही।